रविवार, 19 सितंबर 2010

अंधा सब कुछ देख सकता है

आप भी जब नवगछिया के बिहपुर प्रखंड के लत्तीपुर चौक स्थित डबलू पान भंडार के संचालक डबलू को देखेंगे तो ऐसा ही कहेंगे। महज छह वर्ष की उम्र में बीमारी के कारण डबलू के आंखों की रोशनी चली गयी। इस वक्त यह सूरदास 22 वर्ष का है। जब आप उसकी कार्य पद्धाति देखेंगे तो निश्चित ही दांतों तले उंगली दबा लेंगे। वह बेधड़क नोटों और सिक्कों की पहचान कर सकता है। मोबाइल फोन बखूबी इस्तेमाल करता है। अपने ग्राहकों को वह मनचाहा पान लगाकर दे सकता है। मजाल क्या कि कोई उसके दुकान से किसी सामान की चोरी करने का प्रयास करे। समान को हाथ लगाते ही उसे आभास हो जाता है और चोरी कर रहे व्यक्ति की सिट्टी-पिट्टी गुम हो जाती है। तीन माह से लत्तीपुर चौक पर पान की दुकान कर रहे डबलू इन दिनों आस-पास के लोगों के बीच चर्चित है। आंख की रोशनी चले जाने से डबलू के पिता चन्द्रदेव सिंह काफी चिंतित रहने लगे थे। जैसे-जैसे वह बड़ा होता गया उसकी खूबियों के बारे में पता चलता गया। डबलू के पिता कहते हैं कि उनका परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है इसलिए वे आश्वस्त थे कि डबलू का गुजर-बसर भीख मांग कर ही होने वाला है। जब गांव के कुछ लोगों द्वारा डबलू को भिक्षाटन के लिए प्रेरित किया गया तो वह इंकार कर गया। उसने संजय मंडल (पान दुकानदार) से पान लगाने की कला काफी कम समय में ही सीख ली और अपनी दुकान खोल ली। डबलू का कहना है कि काफी कम समय में ही उसके बहुत ज्यादा ग्राहक बन गए हैं। इतना कमाई हो जाता है कि वे अपने परिवार का भरण-पोषण आराम से कर सकते हैं। वह अंधा है पर सब कुछ देख सकता है।

सोमवार, 23 अगस्त 2010

यहां मुर्दे भी करते हैं आलू व प्याज की खेती

राजेश कानोडिया, नवगछिया
नवगछिया प्रखंड में आलू एवं प्याज की खेती मुदरें द्वारा की जा रही है। खेती में हुई क्षति का भुगतान भी सरकारी सेवक द्वारा मुदरें को किया गया है। जानकारी के मुताबिक नवगछिया प्रखंड के नगरह पंचायत के मुखिया डोमन हरिजन एवं पंचायत सेवक नरेन्द्र द्वारा लगभग एक लाख रुपये का भुगतान आलू प्याज की खेती में हुई क्षति के लिए मुर्दो को किया गया है। जबकि जानकारों के अनुसार पूरे नवगछिया प्रखंड में इक्का-दुक्का लोग निजी उपयोग के लिए आलू-प्याज की खेती करते हैं। लेकिन नगरह पंचायत के दर्जनों लोगों द्वारा आलू-प्याज की खेती की गई है। इतना ही नहीं आलू-प्याज की क्षतिपूर्ति मुखिया एवं पंचायत सेवक के द्वारा अपने चहेते एवं एक ही परिवार के कई लोगों को क्षतिपूर्ति का भुगतान भी किया गया है। इनके साथ-साथ ऐसे लोगों का भी नाम भुगतान सूची में दर्ज है जो कई सालों पहले मर चुके हैं। इस मामले से संबंधित नगरह गांव के ही 206 व्यक्तियों के हस्ताक्षर युक्त आवेदन राजस्व के दुरुपयोग हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी नगवछिया एवं अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया को भी सौंपा गया है। जिस पर इसी पंचायत के उप सरपंच संजय कुमार सिंह, सात नम्बर वार्ड के सदस्य विभाष हरिजन, पांच नम्बर वार्ड के सदस्य कविता देवी, पंच सदस्या मुन्नी देवी, तीन नम्बर वार्ड के सदस्य सुमित्रा देवी, चार नम्बर वार्ड के सदस्य रानी देवी, विकास मित्र कन्हैया कुमार ने भी मोहर सहित हस्ताक्षर किया है। ग्रामीणों द्वारा दिये गये आवेदन में कहा गया है कि बाला, आनन्दी यादव, राजा राम चौधरी, चलितर मालाकार एवं रघुनाथ सिंह की मृत्यु हो चुकी है, जिन्हें भी आलू प्याज के लिए क्षति पूर्ति का भुगतान किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार बाला हरिजन की मृत्यु बीस साल पहले हुई है, आनन्दी यादव की साल भर पहले, राजा राम चौधरी की 15 साल पहले तथा चलितर मालाकार की पांच साल पहले मृत्यु हो चुकी। इसके साथ-साथ मुखिया के परिजन एवं सगे संबंधियों व समर्थकों के परिजनों के नाम से आलू प्याज की खेती में क्षति पूर्ति का भुगतान दिखाया गया है। जिनमें से कुछेक नाम ऐसे भी हैं जो लोग गांव में रहते ही नहीं हैं। इस बाबत प्रखंड विकास पदाधिकारी वीणा कुमारी चौधरी ने बताया कि पंचायत सचिव से संपर्क किया जा रहा है। संपर्क होने पर मामले की जांच की जायेगी । अगर ऐसा भुगतान हुआ होगा तो राशि की वापसी करायी जायेगी। अनुमंडल पदाधिकारी सुशील कुमार ने भी मामले की जांच करने की बात कही है।

सोमवार, 11 जनवरी 2010

भारतीय दलित साहित्य अकादमी द्वारा कृष्ण कुमार यादव को ‘’ज्योतिबा फुले फेलोशिप राष्ट्रीय सम्मान-2009‘‘

भारतीय दलित साहित्य अकादमी ने युवा साहित्यकार एवं भारतीय डाक सेवा के अधिकारी श्री कृष्ण कुमार यादव को अपने रजत जयंती वर्ष में ‘’महात्मा ज्योतिबा फुले फेलोशिप राष्ट्रीय सम्मान-2009‘‘ से सम्मानित किया है। श्री यादव को यह सम्मान साहित्य सेवा एवं सामाजिक कार्यों में रचनात्मक योगदान के लिए प्रदान किया गया है। इसके अलावा आल इण्डिया नवोदय परिवार के इलाहाबाद में सम्पन्न हुए कार्यक्रम में श्री यादव को अखिल भारतीय स्तर पर साहित्यिक योगदान हेतु भी सम्मानित किया गया है। श्री कृष्ण कुमार यादव वर्तमान में कानपुर मण्डल के वरिष्ठ रेलवे डाक अधीक्षक पद पर कार्यरत हैं एवं तमाम प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रखरता से लेखन के साथ-साथ उनकी विभिन्न विधाओं में 5 पुस्तकें भी प्रकाशित हैं।

साहित्य के क्षेत्र में नई बुलन्दियों को छू रहे 32 वर्षीय श्री कृष्ण कुमार यादव की रचनाधर्मिता को देश की प्रायः अधिकतर प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में देखा-पढा जा सकता हैं। विभिन्न विधाओं में अनवरत प्रकाशित होने वाले श्री कृष्ण कुमार यादव की अब तक कुल 5 पुस्तकें- अभिलाषा (काव्य संग्रह), अभिव्यक्तियों के बहाने (निबन्ध संग्रह), अनुभूतियां और विमर्श (निबन्ध संग्रह) और इण्डिया पोस्टः 150 ग्लोरियस ईयर्स, क्रान्ति यज्ञः 1857 से 1947 की गाथा प्रकाशित हो चुकी हैं। प्रसिद्ध बाल साहित्यकार डाॅ0 राष्ट्रबन्धु द्वारा श्री यादव के व्यक्तित्व व कृतित्व पर ‘‘बाल साहित्य समीक्षा‘‘ पत्रिका का विशेषांक जारी किया गया है तो इलाहाबाद से प्रकाशित ‘‘‘गुफ्तगू‘ पत्रिका ने भी श्री यादव के ऊपर परिशिष्ट अंक जारी किया है। शोधार्थियों हेतु हाल ही में आपके जीवन पर एक पुस्तक ‘‘बढ़ते चरण शिखर की ओर : कृष्ण कुमार यादव‘‘ भी प्रकाशित हुई है। श्री यादव की रचनायें तमाम संकलनों में उपस्थिति दर्ज करा रहीं हैं और आकाशवाणी से भी उनकी कविताएं तरंगित होती रहती हैं।

ऐसे विलक्षण व सशक्त, सारस्वत सुषमा के संवाहक श्री कृष्ण कुमार यादव को इससे पूर्व नगर निगम डिग्री कालेज, अमीनाबाद, लखनऊ में ‘‘सोहनलाल द्विवेदी सम्मान‘‘, अखिल भारतीय साहित्यकार अभिनन्दन समिति मथुरा द्वारा ‘‘कविवर मैथिलीशरण गुप्त सम्मान‘‘ व ‘‘महाकवि शेक्सपियर अन्तर्राष्ट्रीय सम्मान‘‘, अन्तर्राष्ट्रीय सम्मानोपाधि संस्थान, कुशीनगर द्वारा ‘‘राष्ट्रभाषा आचार्य‘‘ व ‘‘काव्य गौरव‘‘, इन्द्रधनुष साहित्यिक संस्था, बिजनौर द्वारा ‘‘साहित्य गौरव‘‘ व ‘‘काव्य मर्मज्ञ‘‘, राष्ट्रीय राजभाषा पीठ इलाहाबाद द्वारा ‘‘भारती रत्न‘‘, मध्य प्रदेश नवलेखन संघ द्वारा ‘‘साहित्य मनीषी सम्मान‘‘, दृष्टि संस्था, गुना द्वारा ‘‘अभिव्यक्ति सम्मान‘‘, छत्तीसगढ़ शिक्षक-साहित्यकार मंच द्वारा ‘‘साहित्य सेवा सम्मान‘‘, आसरा समिति, मथुरा द्वारा ‘‘ब्रज गौरव‘‘, श्री मुकुन्द मुरारी स्मृति साहित्यमाला, कानपुर द्वारा ‘‘साहित्य श्री सम्मान‘‘, मेधाश्रम संस्था, कानपुर द्वारा ‘‘सरस्वती पुत्र‘‘,ं खानाकाह सूफी दीदार शाह चिश्ती, ठाणे द्वारा ‘‘साहित्य विद्यावाचस्पति‘‘, उत्तराखण्ड की साहित्यिक संस्था देवभूमि साहित्यकार मंच द्वारा ‘‘देवभूमि साहित्य रत्न‘‘, सृजनदीप कला मंच पिथौरागढ़ द्वारा ‘‘सृजनदीप सम्मान‘‘ मानस मण्डल कानपुर द्वारा ‘‘ मानस मण्डल विशिष्ट सम्मान‘‘, नवयुग पत्रकार विकास एसोसियेशन, लखनऊ द्वारा ‘‘ साहित्य का रत्न, महिमा प्रकाशन छत्तीसगढ़ द्वारा ‘‘महिमा साहित्य सम्मान‘‘, राजेश्वरी प्रकाशन, गुना द्वारा ‘‘उजास सम्मान‘‘, न्यू ऋतम्भरा साहित्यिक मंच, दुर्ग द्वारा ‘‘ न्यू ऋतम्भरा विश्व शांति अलंकरण‘‘, भारतीय बाल कल्याण संस्थान द्वारा ‘‘प्यारे मोहन स्मृति सम्मान‘‘, ग्वालियर साहित्य एवं कला परिषद द्वारा काव्य शिरोमणि-2009 एवं महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला‘ सम्मान, साहित्यिक सांस्कृतिक कला संगम अकादमी, प्रतापगढ द्वारा श्विवेकानन्द सम्मानश्, महिमा प्रकाशन, दुर्ग-छत्तीसगढ द्वारा श्महिमा साहित्य भूषण सम्मानश् इत्यादि तमाम सम्मानों से से अलंकृत किया गया है। ऐसे युवा प्रशासक एवं साहित्य मनीषी कृष्ण कुमार यादव को इस सम्मान हेतु बधाईयाँ।
(अनुराग), सचिव- ‘‘मेधाश्रम‘‘ , 13/152 डी (5) परमट, कानपुर (उ0प्र0)

शनिवार, 26 दिसंबर 2009

..आखिर कर ही डाला सुराख


राजेश कानोडिया
कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो। उपरोक्त पंक्ति को नवगछिया के बेरोजगारों ने सच कर दिखाया है। जी हां, रोजगार तलाशते बेरोजगार हाथ थक हारकर अब अपनी सोच और बुद्धि से कम पूंजी में अच्छी कमाई का एक जरिया ढूंढ चुके हैं। आज इसी कमाई से इनके घरों में दो वक्त की रोटी आती है। राष्ट्रीय उच्च पथ एवं अन्य प्रमुख सड़कों के किनारे ऐसे बेरोजगार हाथ गाड़ी सर्विसिंग का अपना धंधा शुरू किया है, जिसमें न आय प्रमाण पत्र का झंझट न जाति और शैक्षणिक योग्यता तथा बिक्री कर प्रमाण पत्र का लफड़ा। न निबंधन का टेंशन न किसी को घूस और पैरवी करने की जरूरत। बस थोड़ी सी पूंजी और खुद की मेहनत से संचालित इस धंधे से इनका पूरा परिवार आज खुशहाल है। लगभग दर्जन भर छोटे-मोटे सर्विस सेंटर बेरोजगारों द्वारा खोले जा चुके हैं। जिन्हें बढ़ती मोटरसाइकिलों एवं अन्य गाडि़यों की धुलाई एवं सफाई करने से कोई परहेज नहीं। इससे जहां उन्हें अच्छी मजदूरी मिली जाती है। वहीं न तो किसी का रोब सहना होता है न नौकरशाही। इस धंधे के मालिक वो खुद होते हैं। इस धंधे में जुड़े गोपालपुर लतरा नवटोलिया के अरुण जो राजमार्ग के किनारे मोटरसाइकिल धुलाई कर पांच बेटी, एक बेटा का भरण-पोषण कर रहे हैं। बताते हैं कि पहले वो गांव में खेती करते थे, पर उससे पेट भरना तो दूर महीनों खर्च में वो महाजन के बोझ तले दब जाते थे। बताते हैं कि दिन भर में लगभग 15 से 20 मोटरसाइकिल की धुलाई-सफाई कर परिवार का गुजारा चैन से चला रहे हैं। इनकी मजदूरी भी मात्र 20 रुपए हैं जो गाड़ी मालिक भी सहर्ष दे देते हैं। धंधे की लागत के संबंध में अरुण कुमार बताते हैं कि मोटर, पंप, इंजन खरीदने के अलावा बोरिंग कराने से लेकर पाईप व नोजल में लगभग 35 से 40 हजार की लागत आती है। इस धंधे में अरुण सिंह सरीखे सिकंदर सिंह, कुमोद मंडल, मुन्ना सिंह आदि दर्जनों लोगों का कहना है कि रोजगार तलाशने के लिए प्रदेश जाने और सरकारी योजनाओं के पीछे भागकर अपना समय गंवाने से अच्छा अपना यह रोजगार है। बता दें कि नवगछिया में गाड़ी सर्विसिंग का धंधा पूर्व में महज एक ही जगह एसपी कोठी के समीप हुआ करता था, जो मजदूरों के बाल बूते चलाया जाता था। पर मजदूरी बढ़ने के साथ वहां मजदूर घटते गए और स्थिति यह हुई कि सर्विस सेंटर बंद हो गया।

शुक्रवार, 25 दिसंबर 2009

पहाड़ का सीना काट निकाली जीने की राह

जमशेदपुर में कभी दूर-दूर तक बंजर जमीन और सख्त मिजाज पहाड़ ही नजर आता था। आज चारों तरफ हरियाली इठलाती दिखती है। यह चमत्कार किसी सरकारी योजना की बदौलत नहीं, धरती पुत्रों की मेहनत का प्रतिफल है। पटमदा प्रखंड में लायलम पंचायत के वनगोड़ा गांव के ग्रामीणों ने हाड़तोड़ मेहनत कर धरती मां का श्रृंगार किया है। इन्होंने पहाड़ का सीना काट खुद ही जीने की राह निकाली है। गांववालों के श्रमदान से बने तालाब की बदौलत वनगोड़ा समेत पांच गांवों की तकदीर बदल गई है। यहां के किसान इस तालाब के पानी से अपने खेतों को सींच सब्जी और धान पैदा कर रहेहैं। कभी बंजर पड़े रहने वाले खेत अब सोना उगल रहे हैं।

जमशेदपुर से लगभग 30 किलोमीटर दूर दलमा पहाड़ के बीच पटमदा प्रखंड के लायलम वनगोड़ा समेत भुइयांसिनान, मिजुर नाका, कोरता कोल, गोलखेरना व कई अन्य गांवों के लोग खेती के लिए भगवान भरोसे रहते थे। साल में अगर ठीक-ठाक पानी बरसा तो कुछ महीने के लिए दो जून के खाने का इंतजाम हो गया, वरना पेट पर हाथ रखकर सोना पड़ता था। भरपूर फसल न होने के कारण ग्रामीणों को मजदूरी करने के लिए कई-कई महीने तक गांव से दूर भी रहना पड़ता था। वर्ष 2007 में जन संगठन झारखंड मुक्ति वाहिनी के मदन मोहन, अरविंद अंजुम, दिलीप, दिलीप सोरेन, दीपक आदि ने खेती के लिए सिंचाई की आवश्यकता को समझा। इन लोगों ने ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह को श्रमदान से तालाब बनवाने के लिए न केवल प्रेरित किया, बल्कि इसके लिए आवश्यक आर्थिक संसाधन भी जुटाए। इसके बाद ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह की देखरेख में ग्रामीणों ने तालाब की खुदाई शुरू हुई। पहाड़ को काटना आसान काम नहीं था। लेकिन राम प्रसाद टुडू, रूपा टुडू, हाड़ी राम हांसदा, धनंजय सोरेन, गंधेश्वरी टुडू, चांदमुनी, सावंती, श्रीमती हांसदा, लखी राम, भजो हरि, मंगल, सुखराम, रबी लाल, सुखमुनी, फूलमुनी, सूरजमुनी, सुकुरमुनी, पिड़ाकी हेम्ब्रम, बेनाती, लुगु मुनी समेत तमाम ग्रामीणों ने एक साल तक हाड़तोड़ मेहनत के बाद चार-पांच फीट गहरा और 700 फीट की परिधि का गड्ढ़ा तैयार कर लिया। वनगोड़ा के ग्रामीण राम प्रसाद टुडू बताते हैं- लगभग 40 स्त्री-पुरुष रोज आठ से दस घंटे तक खुदाई करते थे। साल भर की मेहनत से तैयार हुए तालाब में वर्षा होने पर पानी भरा। अब वनगोड़ा समेत पांच गांवों के लोग इस तालाब के पानी से अपने खेतों में सिंचाई कर धान और सब्जी उगाते हैं। ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह कहते हैं-तालाब खुदाई के एक वर्ष बाद ही यहां की स्थिति बदल गई। अब वनगोड़ा, मिजुर नाका, भुइयां सिनान, कोरता कोल और गोलखेरना का कोई नवयुवक मजदूरी करने परदेश नहीं जाता। तालाब के पानी से धान और सब्जी पैदा कर गांव के लोग मजे में जीवन गुजार रहे हैं।